रायगढ़। जिले की लैलूंगा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 26.484 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई आई-10 कार भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 16.24 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई नाकेबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आई-10 कार में ओडिशा से अवैध गांजा लेकर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कटकलिया-फोकटपारा तिराहे पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।
भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24) निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया।
कार से मिला 26.484 किलो गांजा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 13 पैकेटों में 26.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त आई-10 कार जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।















































