Jagannath Rath Yatra Amlipadar : अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बिजली बिल समाधान योजना की अवधि सितंबर तक बढ़ी

SHARE:

रायपुर। गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Jagannath Rath Yatra : सामाजिक समरसता और लोककल्याण का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

Bijli Bill Samadhan Yojana : सितंबर तक बढ़ी योजना की अवधि

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून तक निर्धारित थी, उसे बढ़ाकर सितंबर 2026 तक कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों को आर्थिक राहत देने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।

Mahatari Vandan Yojana : महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर माह सीधे राशि भेजी जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से की आत्मीय मुलाकात

रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

हजारों श्रद्धालुओं की रही सहभागिता

रथयात्रा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और जयघोषों से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई