मुख्यमंत्री हेल्पलाइन : शिकायत पर कार्रवाई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध रेत भंडारण सीलबंद, दो ट्रैक्टर जब्त

SHARE:

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रभावी माध्यम बन रही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने अवैध रेत भंडारण स्थल को सीलबंद किया तथा अवैध रेत परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर जब्त कर कार्रवाई की।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खनिज विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद संबंधित भंडारणकर्ता को 15 जुलाई 2026 को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस दिया गया, लेकिन निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम, 2009 के तहत रेत भंडारण स्थल को मौके पर ही सीलबंद कर दिया गया।

अवैध परिवहन में दो ट्रैक्टर जब्त

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली अन्य शिकायतों के आधार पर मरवाही और पिपरिया क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टर वाहनों को भी जब्त किया गया। दोनों मामलों में खान एवं खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू तथा साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई