रायपुर में सामाजिक भवन के लिए मिली राशि, मुख्यमंत्री बोले— डबल इंजन सरकार ने अधिकांश मोदी गारंटी पूरी कर जनविश्वास मजबूत किया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी गारंटियों को पूरा कर जनविश्वास को मजबूत किया है।
झेरिया यादव समाज को 15 लाख की सौगात
राजधानी रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज महासम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने रायपुर में समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और गौ-सेवा की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज धर्म, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है।
किसानों और प्रधानमंत्री आवास योजना पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है और किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के खातों में हर महीने 1000 रुपये की राशि भेजी जा रही है। इससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है और परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिली है।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बस्तर के विकास में सबसे बड़ी बाधा नक्सलवाद था, लेकिन अब वहां शांति का माहौल बन रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
डिजिटल सेवाओं से आसान हुआ जनजीवन
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक 24 घंटे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न सरकारी सेवाएं और प्रमाणपत्र आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, श्रीमती आशा संतोष यादव सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।















































