मुख्यमंत्री बोले- प्रभावित हर व्यक्ति तक समय पर पहुंचे भोजन, पेयजल, चिकित्सा और जरूरी सहायता
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों में अत्यधिक वर्षा और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ काम करते हुए प्रत्येक प्रभावित और जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाए।
राहत सामग्री और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक सेवाएं बिना देरी के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जलनिकासी की त्वरित व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत और जनसुविधाओं को सामान्य करने के लिए उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
स्थिति की लगातार हो रही मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार बारिश और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन और सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।















































