Raigarh Crime News : लैलूंगा में मां-बेटी की संदिग्ध मौत से सनसनी, खेत के बोर घर में मिली महिला और मासूम

SHARE:

10 माह की बच्ची का मौके पर मिला शव, गंभीर घायल महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में रविवार को मां-बेटी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव के एक खेत में बने बोर घर से 40 वर्षीय बरत कुमारी नाग गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जबकि उनकी 10 माह की मासूम बेटी परी नाग का शव पास में पड़ा मिला।

अस्पताल ले जाते समय महिला की हुई मौत

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल बरत कुमारी नाग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घटना प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर घर की बताई जा रही है।

चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका भी

सूचना मिलने पर लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार महिला के चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मां-बेटी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई