Raigarh Scrap Action : ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 79 टन अवैध स्क्रैप जब्त

SHARE:

दो ट्रक और एक माजदा वाहन पकड़े गए, 48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा- अभियान रहेगा जारी

रायगढ़। अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा और जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो ट्रक और एक माजदा वाहन से करीब 79 टन अवैध स्क्रैप बरामद किया है। पुलिस ने स्क्रैप सहित तीनों वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए स्क्रैप और वाहनों की कुल कीमत करीब 48 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को आशंका है कि अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा स्क्रैप किसी औद्योगिक प्लांट में खपाने की तैयारी थी।

पूंजीपथरा में माजदा वाहन पकड़ा गया

पहली कार्रवाई थाना पूंजीपथरा क्षेत्र के तमनार चौक में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर माजदा वाहन क्रमांक CG-12-AY-0313 को रोका।

वाहन चालक देवेंद्र तिवारी (58 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार कोरबा से पूछताछ करने पर वाहन में करीब 3 टन 390 किलोग्राम टिन और लोहे का स्क्रैप मिला। इसकी अनुमानित कीमत 91,530 रुपये बताई गई है। चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन और स्क्रैप जब्त कर कार्रवाई की गई।

जूटमिल क्षेत्र में दो ट्रकों से मिला स्क्रैप

दूसरी कार्रवाई जूटमिल थाना क्षेत्र के छातामुड़ा-काशीराम चौक के बीच की गई। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रक की जांच करने पर भारी मात्रा में लोहे और टीन का स्क्रैप मिला।

ट्रक चालक महेंद्र यादव (34 वर्ष), निवासी पलामू (झारखंड) स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका। वाहन में मिले स्क्रैप की कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई।

वहीं तीसरी कार्रवाई छातामुड़ा गांव के बाहर की गई, जहां एक अन्य ट्रक से करीब 8 लाख रुपये मूल्य का स्क्रैप बरामद हुआ। वाहन चालक दुर्योधन पाणिग्रही (52 वर्ष), निवासी बरगढ़ (ओडिशा) भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

अवैध कारोबारियों पर रहेगी पुलिस की नजर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेजों के स्क्रैप की खरीद-बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई