निष्कासन आदेश का उल्लंघन कर जिले में पहुंचा था आरोपी, पेट्रोल भरी बोतल लेकर पहुंचने से मची थी अफरा-तफरी
रायगढ़। जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने और पुलिस कार्यालय परिसर में हंगामा करने वाले आरोपी चाहत शुक्ला उर्फ आदित्य के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्यालय परिसर में किया हंगामा
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की शाम जिला बदर आरोपी चाहत शुक्ला उर्फ आदित्य पुलिस कार्यालय परिसर पहुंचा था। यहां वह कोतवाली पुलिस द्वारा उसके खिलाफ बार-बार जिला बदर की कार्रवाई किए जाने की बात कहते हुए जोर-जोर से शोर-शराबा और हंगामा करने लगा।
बताया गया कि आरोपी के हाथ में एक प्लास्टिक की बोतल थी, जिसमें पेट्रोल भरा हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बोतल को उसके कब्जे से सुरक्षित रूप से अपने पास ले लिया।
समझाइश के बाद भी नहीं माना आरोपी
मौके पर पहुंची कोतवाली थाना की पेट्रोलिंग टीम ने आरोपी को शांत रहने और समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार अभद्र व्यवहार करते हुए हंगामा करता रहा। पुलिस ने तत्काल संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
बीएनएसएस के तहत हुई कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 308/2026 में धारा 170/126/135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
एसडीएम न्यायालय से जेल भेजा गया आरोपी
17 जुलाई 2026 को आरोपी चाहत शुक्ला उर्फ आदित्य को एसडीएम कार्यालय रायगढ़ में प्रस्तुत किया गया। जहां से जारी जेल वारंट के आधार पर उसे जिला जेल रायगढ़ दाखिल कराया गया।















































