Jagannath Rath Yatra Dokra : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोकड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा में निभाई गजपति महाराजा की परंपरा

SHARE:

कांसाबेल के दोकड़ा में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का शुभारंभ, छेरा पहरा कर मुख्यमंत्री ने खींची रथ की रस्सी

रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित ग्राम दोकड़ा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026 में शामिल हुए। उन्होंने धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ पारंपरिक गजपति महाराजा की भूमिका निभाते हुए भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

छेरा पहरा की परंपरा निभाकर किया रथयात्रा का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने सनातन परंपरा के अनुसार छेरा पहरा की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से भगवान के रथ के आगे मार्ग का प्रतीकात्मक मार्जन किया और चंदन मिश्रित पवित्र जल का छिड़काव किया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। पूरे दोकड़ा क्षेत्र में ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष, शंखध्वनि, भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

1942 से चली आ रही है दोकड़ा की ऐतिहासिक परंपरा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि Jagannath Rath Yatra Dokra आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1942 से चली आ रही यह गौरवशाली परंपरा आज भी जनआस्था को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। जनसहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया और वर्ष 2025 में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरी भव्य रथयात्रा आयोजित की गई है। उन्होंने गजपति महाराजा की परंपरा निभाने का अवसर देने के लिए दोकड़ावासियों का आभार भी व्यक्त किया।

देवभोग के चावल से जुड़ा है भगवान जगन्नाथ का प्राचीन संबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्री जगन्नाथ से प्राचीन और आत्मीय संबंध है। उन्होंने बताया कि देवभोग का चावल आज भी पुरी के महाप्रसाद में उपयोग किया जाता है, जो छत्तीसगढ़ और भगवान जगन्नाथ के बीच सांस्कृतिक एवं धार्मिक जुड़ाव का जीवंत प्रमाण है।

जनकल्याणकारी योजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की गारंटी के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। महतारी वंदन योजना की 29 किस्तें जारी हो चुकी हैं तथा रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हुए हैं। राज्य सरकार प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दे रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई