Raigarh Professor Case : लैलूंगा में प्रोफेसर-युवती विवाद में नया मोड़, दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस जांच जारी

SHARE:

थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रोफेसर ने लगाए पैसे मांगने और मारपीट के आरोप

रायगढ़। जिले के लैलूंगा में शासकीय कॉलेज के सहायक प्राध्यापक और एक युवती के बीच विवाद मामले में नया मोड़ सामने आया है। कुछ दिन पहले प्रोफेसर को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। युवती ने प्रोफेसर पर अश्लील मैसेज भेजने और आपत्तिजनक मांग करने का आरोप लगाया था। अब प्रोफेसर ने युवती पर पैसे मांगने, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

प्रोफेसर ने लगाए मारपीट और धमकी के आरोप

पुलिस के अनुसार, राजीव गांधी नगर निवासी रेमन भार्गव (43 वर्ष) लैलूंगा के भागीरथी पटेल कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं और शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ हैं।

प्रोफेसर ने अपनी शिकायत में बताया कि कॉलोनी में रहने वाली काजल मिंज का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान युवती ने उनसे उधार में रुपये मांगे, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया।

प्रोफेसर का आरोप है कि 30 जुलाई की दोपहर युवती ने दोबारा रुपये की मांग की। मना करने पर उसने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और कॉलर पकड़कर तीन-चार थप्पड़ मारे। इस दौरान उनकी पत्नी ने बीच-बचाव किया।

झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप

रेमन भार्गव ने शिकायत में यह भी कहा कि युवती उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी। डर के कारण वह कुछ समय के लिए लैलूंगा छोड़कर रायगढ़ चले गए थे। बाद में पत्नी के साथ थाने पहुंचकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

पहले युवती की शिकायत पर प्रोफेसर के खिलाफ दर्ज हुआ था केस

यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब युवती द्वारा प्रोफेसर को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 के तहत अपराध दर्ज किया था।

इसके बाद रुपए मांगने और समझौते से जुड़े वीडियो भी सामने आए थे, जिससे मामला और चर्चा में आ गया था।

दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही पुलिस

लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि प्रोफेसर की शिकायत पर युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले युवती की रिपोर्ट पर प्रोफेसर के खिलाफ भी केस दर्ज हो चुका है। दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई