जशपुर वन विभाग की अनूठी पहल, अब एटीएम से मिलेंगे मुफ्त पौधे
जशपुर। आमतौर पर एटीएम का नाम सुनते ही लोगों के मन में पैसे निकालने वाली मशीन की तस्वीर आती है, लेकिन जशपुर वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। जिले में अब ‘ट्री एटीएम’ के माध्यम से लोगों को आसानी से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बगिया हेलीपैड परिसर में इस मोबाइल ट्री एटीएम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल आम नागरिकों तक पौधों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने और पौधरोपण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने खुद लिया आंवला का पौधा
Tree ATM Jashpur की शुरुआत के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मोबाइल ट्री एटीएम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। इससे अधिक से अधिक लोग पौधरोपण अभियान से जुड़ेंगे और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ेगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय होता है। ऐसे समय में ट्री एटीएम लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे आसानी से उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान ने देशभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। इसी भावना के साथ छत्तीसगढ़ में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है।
पौधे के साथ मिलेगी संरक्षण की जानकारी
ट्री एटीएम पहल के तहत केवल पौधों का वितरण नहीं किया जाएगा, बल्कि पौधा प्राप्त करने वाले लोगों को पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि, पौधों की देखभाल और संरक्षण के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।
वन विभाग का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल सुनिश्चित करना है। इससे पौधों के जीवित रहने की दर बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण अभियान को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।
‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शुरू किए गए ट्री एटीएम को ‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ संदेश के साथ शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी वृक्ष बनने तक देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।















































