पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटा गया मोबाइल, चाकू और अन्य साक्ष्य बरामद
रायगढ़। Poonjipathra Robbery Case में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने की।
बाजार जाते समय सुरक्षा गार्ड पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कुबेर कुमार यादव (25), निवासी जशपुर, वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में रहकर सुरक्षा गार्ड का काम करता है। 13 जुलाई की शाम वह ग्राम तुमीडीह बाजार जा रहा था। इसी दौरान कंपनी गेट से कुछ दूरी पर बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोककर मोबाइल, पर्स और रुपये की मांग की। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से उसके पेट के पास वार कर घायल कर दिया और VIVO T3 मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी दबोचे गए
प्रार्थी की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वेजौन कंपनी, चिराईपानी के पास घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और पीड़ित द्वारा पहचान किए जाने पर आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।
मोबाइल, चाकू और बैंक ट्रांजैक्शन के साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वहीं आरोपी जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू, एक सिम कार्ड और मोबाइल के जरिए फोन-पे खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने से जुड़े बैंक संबंधी साक्ष्य भी जब्त किए गए।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए, एक का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (33), जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21) और अनिकेत धनवार (19) के रूप में हुई है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है।















































