‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के तहत शुरू हुई अत्याधुनिक मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब, पंडरिया के स्कूलों तक पहुंचेगी आधुनिक विज्ञान शिक्षा
रायपुर। Bhavna Didi Science Pathshala के तहत छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा परिसर से निःशुल्क मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक मोबाइल लैब पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, 3डी प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), एयरोमॉडलिंग तथा ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी।
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगी भविष्य की तकनीकों से जुड़ने का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान और तकनीक की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ केवल एक मोबाइल लैब नहीं, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने वाली अभिनव पहल है। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का विकास होगा।
नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया AI, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और डिजिटल तकनीकों की ओर तेजी से बढ़ रही है। ऐसे समय में ग्रामीण विद्यार्थियों को भी इन उभरती तकनीकों का ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य कौशल, नवाचार और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है तथा यह मोबाइल लैब उसी दिशा में एक प्रभावी पहल है।
डॉ. रमन सिंह बोले- ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगी नई पहचान
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के इस दौर में बच्चों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस मोबाइल लैब के माध्यम से विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्वयं ड्रोन उड़ाने, रोबोट संचालित करने और 3डी मॉडल तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करेंगे। इससे भविष्य के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों की मजबूत नींव तैयार होगी।
भावना बोहरा की पहल की सराहना
डॉ. रमन सिंह ने पंडरिया विधायक भावना बोहरा की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, नवाचार और युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल साइंस लैब उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने किया मोबाइल लैब का अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का अवलोकन किया। प्रशिक्षकों ने उन्हें लैब में उपलब्ध उपकरणों, प्रशिक्षण मॉड्यूल और शिक्षण प्रणाली की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने AI, रोबोटिक्स, ड्रोन और अन्य तकनीकी उपकरणों का निरीक्षण करते हुए इसे ग्रामीण प्रतिभाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने वाला प्रेरणादायी प्रयास बताया।















































