Raigarh Elephant Attack : रायगढ़ में हाथियों का कहर, दो अलग-अलग घटनाओं में महिला और पुरुष की मौत, मासूम बच्ची बची

SHARE:

धरमजयगढ़ और कापू रेंज में तड़के मचा आतंक, वन विभाग ने ग्रामीणों को जारी किया अलर्ट

रायगढ़। रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार तड़के धरमजयगढ़ वन मंडल के दो अलग-अलग क्षेत्रों में हाथियों के हमले में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची बाल-बाल बच गई। घटनाओं के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की।

शौच के लिए निकले ग्रामीण को हाथी ने कुचल दिया

धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज अंतर्गत ग्राम औरानारा निवासी बंधन सिंह अगरिया (50) शनिवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। गांव के बाहर अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। जान बचाने के लिए भागने का प्रयास करने के बावजूद हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथी को वहां से खदेड़ा। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पहुंचकर लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

मासूम को बचाने के प्रयास में महिला की गई जान

दूसरी घटना कापू रेंज के ग्राम तालगांव बस्ती में हुई। शनिवार सुबह करीब 4 बजे एक जंगली हाथी गांव में घुस आया। घबराकर ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इसी दौरान शकुंतला सिदार (28) अपनी मासूम बेटी को लेकर भाग रही थीं। हाथी ने महिला पर हमला कर दिया। बेटी की जान बचाने के लिए उन्होंने उसे दूर फेंक दिया, जिससे बच्ची सुरक्षित बच गई, लेकिन महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल कापू अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

वन विभाग के वाहन पर भी हाथी का हमला

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम जब कापू पहुंची तो उग्र हाथी ने विभाग के वाहन पर भी हमला कर दिया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।

ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक बाहर न निकलें, विशेषकर सुबह और रात के समय सतर्क रहें। किसी भी स्थान पर हाथी दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और हाथियों के पास जाने या उन्हें भगाने का प्रयास न करें।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई