रायगढ़ ट्रैफिक : केलो नदी किनारे बनेगा फोरलेन मार्ग, कलेक्टर ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण

SHARE:

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केलो नदी किनारे प्रस्तावित फोरलेन मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

उर्दना चौक से एनएच तक बनेगा वैकल्पिक मार्ग

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उर्दना चौक से संबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग तक नया वैकल्पिक मार्ग विकसित करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सड़क भविष्य में शहर के ट्रैफिक प्रबंधन के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

एसईसीएल से मेडिकल कॉलेज तक जुड़ेगा नया मार्ग

प्रस्तावित परियोजना के तहत एसईसीएल क्षेत्र, बोंदाटिकरा पुल, आकाशवाणी रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को भू-अर्जन और अन्य प्रशासनिक स्वीकृतियां शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

शहर के ट्रैफिक पर पड़ेगा बड़ा असर

नई सड़क बनने के बाद उर्दना मोड़, बड़े रामपुर, सर्किट हाउस, केलो नदी तट, मरीन ड्राइव और बोंदाटिकरा पुल के बीच आवागमन आसान होगा। वहीं जशपुर रोड से आने वाले वाहन बिना शहर के अंदर प्रवेश किए सीधे बिलासपुर-संबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग और आगे रायपुर मार्ग तक पहुंच सकेंगे। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम की समस्या में राहत मिलेगी।

40 प्रतिशत तक घट सकता है ट्रैफिक दबाव

प्रस्तावित इंटरनल रिंग रोड के विकसित होने से रायगढ़ शहर में यातायात का दबाव करीब 40 प्रतिशत तक कम होने की संभावना है। यह परियोजना शहर के सुनियोजित विकास और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मरीन ड्राइव परियोजना को भी मिलेगी गति

कलेक्टर ने बताया कि प्रस्तावित चार मरीन ड्राइव परियोजनाओं में से तीन पर कार्य जारी है। शेष 2.3 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव मार्ग के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस परियोजना के लिए राज्य शासन से सैद्धांतिक सहमति भी मिल चुकी है, जिससे इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई