राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक
रायपुर। Chhattisgarh Urban Body Election 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
17 नगरीय निकायों में होंगे आम चुनाव
बैठक में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम एवं उप निर्वाचन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान प्रदेश की 15 नगरीय निकायों, जिनका कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त हो रहा है, तथा 2 नवगठित नगर पंचायतों के आम चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इन 15 नगरीय निकायों में शामिल हैं—
- 4 नगर निगम
- 5 नगरपालिका परिषद
- 6 नगर पंचायत
शासन स्तर की तैयारियों की हुई समीक्षा
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन स्तर पर की जा रही आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रहें।















































