रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले सत्ता पक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी मंत्री और भाजपा विधायक मौजूद रहे। आगामी सत्र की रणनीति, सरकार की तैयारियों और विपक्ष के संभावित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार सरकार
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी विधायकों ने भाग लिया। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार मानसून सत्र में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है।
‘कांग्रेस को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब’
केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव का सदन में मजबूती से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में जनता कांग्रेस पर पहले ही अविश्वास जता चुकी है और अब पार्टी केवल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास कर रही है।
राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति पर भी हुई चर्चा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि विधायक दल की बैठक में आगामी मानसून सत्र के साथ-साथ राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। सरकार की प्राथमिकताओं और सदन में प्रभावी जवाबी रणनीति को लेकर सभी विधायकों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
सत्र से पहले तेज हुई राजनीतिक गतिविधियां
मानसून सत्र से पहले प्रदेश की राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस में मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और सदन के सुचारु संचालन को लेकर चर्चा की। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इन बैठकों को आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।















































