ठग भी निकला रेप का आरोपी बाबा : छोटे भाई की मौत का रहस्य बताने के नाम पर डॉक्टर से ठग लिए 35 लाख रुपये

SHARE:

रेप के आरोप में जेल में बंद महासमुंद के बाबा ने ग्रेटर नोएडा के एक डॉक्टर को उनके छोटे भाई की मौत का रहस्य बताने और वापस लाने का झांसा देकर 35 लाख रुपए ठग लिए।

रायपुर। रेप के आरोप में जेल में बंद महासमुंद के बाबा ने ग्रेटर नोएडा के एक डॉक्टर को उनके छोटे भाई की मौत का रहस्य बताने तथा वापस लाने का झांसा देकर 35 लाख रुपए ठग लिए। कथित बाबा ने तांत्रिक विद्या से डॉक्टर के भाई को वापस लाने का दावा किया था। घटना 2024 की है। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है।  ग्रेटर नोएडा निवासी डॉ. ऋषभचौबे की शिकायत पर पुलिस ने आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। कथित बाबा ने तंत्र-मंत्र, प्रेतबाधा और विशेष अनुष्ठान का भय दिखाकर उनसे करीब 35 लाख रुपए की ठगी की। इसमें 10 लाख रुपए कैश, हवाई यात्रा, होटल और पूजा-पाठ के नाम पर खर्च कराए गए, जबकि 25.10 लाख रुपए की एक्सयूवी-700 भी अपने लिए खरीदवा ली।

डॉक्टर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके छोटे भाई दिव्यदेव चौबे की 11 अगस्त 2024 को इंदौर में कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। परिवार लगातार इस घटना से सदमे में था और मौत की असली वजह जानना चाहता था। इसके बाद उनकी मुलाकात परिचितों के माध्यम से नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई।

एसयूवी कार मिलने पर भाई को वापस लाने दिया झांसा 
डॉक्टर के आरोपों के मुताबिक मई 2025 में बाबा अपने दो शिष्यों के साथ नोएडा आया और दावा किया कि विशेष साधना से उनके भाई को वापस लाया जा सकता है। इसके बाद उसने कहा कि पूजा तभी पूरी होगी, जब उसे नई महिंद्रा एसयूवी-700 मॉडल की कार उपलब्ध कराई जाए। बाबा के दबाव और भय दिखाने पर रायपुर से कार की बुकिंग कराई गई। कार लेने के बाद बाबा ने डॉक्टर तथा उनके परिवार को विशेष पूजा करने इंदौर बुलाया। इसके बाद वह खुद वहां नहीं पहुंचा और अपने मोबाइल बंद कर दिया।

प्रेतबाधा और कारोबार खत्म करने का दिखाया डर
शिकायत में कहा गया है कि बाबा लगातार यह कहता रहा कि परिवार पर प्रेतबाधा है, छोटे भाई की आत्मा भटक रही है और जुलाई 2025 से पहले पूजा नहीं हुई तो बड़ा अनिष्ट हो जाएगा। उसने यह भी कहा कि बिजनेस पार्टनर ने तीन करोड़ रुपए हड़प लिए हैं और कारोबार जल्द खत्म हो जाएगा। डाक्टर का आरोप है कि इन बातों के कारण उनके व्यावसायिक संबंध बिगड़ गए और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।

विशेष पूजा करने का झांसा
कथित तांत्रिक बाबा डॉक्टर को बार-बार कहता था कि विशेष पूजा के बाद ही भाई की मौत का राज सामने आएगा। डाक्टर का आरोप है कि बाबा ने लगभग 30 से अधिक हवाई यात्राएं, होटल और वाहन की व्यवस्था भी उन्हीं के खर्च पर कराई। इस दौरान करीब 10 लाख रुपए खर्च हुए। हर मुलाकात में पूजा और अनुष्ठान के नाम पर 51-51 हजार रुपए अलग से लिए जाते रहे।

घटनास्थल की मिट्टी देख मौत का रहस्य बताने का दावा
बाबा ने दावा किया था कि वह चावल और घटनास्थल की मिट्टी देखकर मौत का पूरा रहस्य बता देगा। इसके लिए उसने पहली ही मुलाकात में डॉक्टर से 51 हजार रुपए ले लिया और इंदौर से घटनास्थल की मिट्टी मंगवाई। शिकायत के अनुसार मिट्टी लेने के बाद बाबा लगातार नई-नई तारीखें देता रहा। कभी रायपुर, कभी नोएडा, कभी इंदौर तो कभी जयपुर और वृंदावन बुलाता रहा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई