केबल वायर चोरी : पुसौर पुलिस ने खेतों से बोर केबल चोरी करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, तांबे का तार और बाइक जब्त

SHARE:

किसानों की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस, चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार और वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है।

किसानों की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को क्षेत्र के किसानों से खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

20 हजार रुपये के केबल चोरी मामले में कार्रवाई

5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का करीब 100 मीटर केबल वायर चोरी हो गया है, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूली वारदात

विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार के कब्जे से चोरी किए गए केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा दिगम्बर मांझी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13 AV-0523 बरामद कर जब्त की।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

दोनों आरोपियों द्वारा मिलकर अपराध करना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

खेतों में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई