जनदर्शन : कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

SHARE:

रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतों, मांगों और समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके।

अत्यधिक बिजली बिल की शिकायत पर जांच के निर्देश

जनदर्शन में तहसील पुसौर के ग्राम तड़ोला निवासी अंकुर नंदे ने घरेलू विद्युत कनेक्शन के बावजूद लगातार अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि बढ़े हुए बिल के कारण परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास और मुआवजा संबंधी मामलों पर कार्रवाई के निर्देश

जगतपुर निवासी रेवती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं घरघोड़ा क्षेत्र के तीर्थराज झरिया ने शिकायत की कि उनकी निजी भूमि खसरा नंबर 741/1, रकबा 0.240 हेक्टेयर एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है और भूमि पर खनन कार्य भी हो चुका है, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा अथवा रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया है। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग पेंशन और राशन कार्ड के आवेदन पर निर्देश

तमनार तहसील के ग्राम कर्रापाली निवासी चौतन गुप्ता ने अपने 90 प्रतिशत दिव्यांग पुत्र के लिए दिव्यांग पेंशन स्वीकृत करने और राशन कार्ड में नाम जोड़ने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

स्कूल भवन और पेयजल समस्या पर विभागों को निर्देश

लैलूंगा विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र गंजपुर के सरपंच ने विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए नवीन स्कूल भवन निर्माण की मांग रखी। वहीं जनपद पंचायत कोतरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने खराब बोरवेल के कारण उत्पन्न पेयजल संकट से अवगत कराते हुए नए बोर खनन की मांग की।

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्थल निरीक्षण कर पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन हुए प्राप्त

जनदर्शन में भूमि एवं राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राशन कार्ड, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में निराकरण किया जाए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई