रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड़ातराई गांव में चरित्र शंका को लेकर एक पति द्वारा अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पत्नी को बुलेट से टक्कर मारकर और उसके ऊपर कई बार वाहन चढ़ाकर हत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जन्मदिन पर घर ले जाकर किया हमला
पीड़िता गणेशी साहू (32 वर्ष) ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2014 में अमित साहू से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से आरोपी पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट और विवाद करता था, जिससे परेशान होकर वह बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग रह रही थी।
पीड़िता के अनुसार 30 जून को उसके जन्मदिन पर आरोपी उसे समझाने और शराब छोड़ने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया, लेकिन इसके बाद 3 जुलाई की रात को घर कोड़ातराई में चरित्र शंका को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
बुलेट से टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश
विवाद बढ़ने पर पीड़िता घर से बाहर भागी तो आरोपी ने उसे बुलेट मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद हत्या की नीयत से उसके ऊपर कई बार वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में महिला के हाथ, गर्दन, सिर, जांघ और चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी जेल भेजा गया
पीड़िता की शिकायत पर जूटमिल थाना पुलिस ने धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अमित साहू (36 वर्ष), पिता कृष्णा साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।















































