सामाजिक भवन विवाद और जिला कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा, सर्वसम्मति नहीं बन पाने पर बैठक स्थगित
तमनार में गोंड समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिला स्तरीय चिंतन बैठक आयोजित (Gond Samaj Chintan Baithak)
खरसिया/तमनार। रायगढ़ जिले के गोंड समाज की जिला कार्यकारिणी एवं सामाजिक भवन निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए तमनार में जिलेभर के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की चिंतन बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोंडवाना सामाजिक भवन की भूमि स्वामित्व विवाद तथा जिला कार्यकारिणी के कार्यकाल पूर्ण होने के बाद उत्पन्न स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

गोंड समाज की सांगठनिक इकाइयों और प्रतिनिधित्व व्यवस्था पर दी गई जानकारी
बैठक में निवर्तमान जिला अध्यक्ष रतनसिंह पोरते ने बताया कि रायगढ़, खरसिया, तमनार, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, मुकदेगा, लैलूंगा और पुसौर क्षेत्रों की लगभग 30 गुंड़ियों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि समाज में “गुंड़ी” एक महत्वपूर्ण सांगठनिक इकाई है, जिसे अन्य क्षेत्रों में चक, मुड़ा, सोसायटी अथवा उपकेंद्र के नाम से जाना जाता है।
नए जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर हुई चर्चा (Gond Samaj Chintan Baithak)
बैठक का मुख्य एजेंडा नए जिला अध्यक्ष का चयन था। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग प्रस्ताव सामने आए। कुछ प्रतिनिधियों ने प्रत्येक गुंड़ी से दो-दो प्रतिनिधियों का निर्वाचन मंडल बनाकर चुनाव कराने का सुझाव दिया, जबकि कुछ ने मतदान और कुछ ने वरिष्ठजनों के निर्णय को आधार बनाने का प्रस्ताव रखा। लंबे विचार-विमर्श के बाद भी सर्वसम्मति नहीं बन सकी।
अगली सूचना तक बैठक स्थगित, कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी जारी
स्थिति को देखते हुए बैठक की अध्यक्षता कर रही लैलूंगा विधायक विद्यावती कुंजबिहारी सिदार (मंडावी) ने अगली सूचना तक बैठक स्थगित करने की घोषणा की। साथ ही निर्णय लिया गया कि नए अध्यक्ष के चयन तक निवर्तमान जिला अध्यक्ष रतनसिंह पोरते कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
सामाजिक एकता और सर्वसम्मति से नेतृत्व चयन पर दिया गया जोर
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने सामाजिक एकता बनाए रखते हुए शीघ्र सर्वसम्मति से नए नेतृत्व के चयन और सामाजिक भवन निर्माण से जुड़े विवाद के समाधान की दिशा में प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।















































