योग केवल व्यायाम नहीं, स्वस्थ और अनुशासित जीवन का आधार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

योग को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री साय आज राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्री अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और इसे गांव-गांव, स्कूलों तथा समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज 176 से अधिक देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाकर भारत की संस्कृति और ज्ञान परंपरा का सम्मान कर रहे हैं, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय का गठन किया गया और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

छत्तीसगढ़ बनेगा वेलनेस टूरिज्म का केंद्र

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद AIIMS स्थापित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय पौधों से समृद्ध है, जिससे छत्तीसगढ़ भविष्य में आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। वहीं विधायक किरण सिंह देव ने विश्वास जताया कि योग आयोग के नए अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश के हर गांव और परिवार तक योग की पहुंच सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई