रायगढ़ जिला जेल में फिर बवाल: बंदियों के दो गुटों में मारपीट, एक घायल अस्पताल में भर्ती

SHARE:

रायगढ़। रायगढ़ जिला जेल एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। जेल के भीतर बंदियों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार रात शुरू हुआ विवाद मंगलवार सुबह हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया।

रात में शुरू हुआ विवाद, सुबह फिर भड़की झड़प

सूत्रों के अनुसार सोमवार रात किसी बात को लेकर जेल के भीतर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मामला शांत होने के बाद मंगलवार सुबह फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद दोबारा हिंसक हो गया।

बताया जा रहा है कि इस दौरान एक बंदी की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बंदी को जिला अस्पताल भेजा गया

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आया। घायल बंदी को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पहले भी विवादों में रही जिला जेल

रायगढ़ जिला जेल पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रही है। पूर्व में अवैध शराब मामले में निरुद्ध दो बंदियों की मौत के बाद जेल में मारपीट के आरोप लगे थे, जिसकी न्यायिक जांच अब भी जारी है।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर एक बंदी से कथित रंगदारी वसूली से जुड़ा चैट वायरल होने के बाद भी जेल प्रशासन सवालों के घेरे में आया था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ताजा घटना ने जिला जेल की सुरक्षा और बंदियों की निगरानी व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही झड़पों से यह संकेत मिल रहा है कि जेल के भीतर बंदियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई