रायपुर। छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में साय सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम कुर्रू में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की नवीन वस्त्र निर्माण इकाई का भूमिपूजन किया गया।
यह भूमिपूजन छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के करकमलों से संपन्न हुआ।
235 करोड़ का निवेश, हजारों रोजगार की उम्मीद
इस परियोजना में करीब 235 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को भी स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
नवा रायपुर को मिलेगा नया औद्योगिक स्वरूप
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मेक इन इंडिया और मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के विकसित छत्तीसगढ़ विजन को यह परियोजना मजबूत आधार देगी।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर को केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि औद्योगिक, आईटी और टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
महिलाओं और युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
सरकार का दावा है कि इस इकाई से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्किल डेवलपमेंट के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
“वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा देते हुए यहां तैयार होने वाला कपड़ा देश और विदेश तक पहुंचेगा।
18 महीने में उत्पादन शुरू होने का लक्ष्य
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि सरकार की नई औद्योगिक नीति के कारण राज्य में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि यह यूनिट 18 महीनों में उत्पादन शुरू कर देगी।
आधुनिक तकनीक से लैस होगी इकाई
सीएसआईडीसी चेयरमैन राजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह यूनिट अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगी, जिसमें स्पिनिंग से लेकर गारमेंटिंग तक की पूरी प्रक्रिया शामिल होगी। इससे राज्य के कपास उत्पादक किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।















































