जापानी निवेशकों की नजर छत्तीसगढ़ पर: CM विष्णुदेव साय से मुलाकात में निवेश और तकनीकी सहयोग पर मंथन

SHARE:

मुख्यमंत्री निवास में अहम बैठक, उद्योग और टेक्नोलॉजी साझेदारी पर चर्चा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शनिवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राज्य की औद्योगिक क्षमताओं और नीतिगत सुविधाओं की जानकारी दी।

जापान की तकनीक से मिलेगा औद्योगिक विकास को बल: CM साय
मुख्यमंत्री साय ने अपने जापान प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण राज्य वैश्विक निवेशकों के लिए तेजी से आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि जापान तकनीकी रूप से उन्नत देश है और वहां की विशेषज्ञता का लाभ राज्य के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।

नई औद्योगिक नीति को मिली सराहना, निवेश बढ़ाने की इच्छा जताई
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल और पारदर्शी माहौल तैयार हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में अपने निवेश को और विस्तार देने की इच्छा भी व्यक्त की।

निवेश के नए अवसरों की तलाश, आगे बढ़ेगी साझेदारी
बैठक को छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश के नए अवसरों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार और जापानी कंपनियों के बीच संभावित सहयोग से राज्य में उद्योग, रोजगार और तकनीकी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई