कोरबा में नवविवाहिता की मौत के बाद बड़ा खुलासा, 3 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव; जांच जारी

SHARE:

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मौत के तीन दिन बाद ही एक नवविवाहिता का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मायके पक्ष द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।


शादी के तीन साल बाद संदिग्ध हालात में मौत

जानकारी के अनुसार, मृतका घूई बाई (23) की शादी तीन वर्ष पहले छिरहुट गांव निवासी दिलीप बैगा से हुई थी। दंपती का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। परिजनों के मुताबिक 16 जून को घूई बाई की मौत हुई थी, जिसके बाद 17 जून को बिना पोस्टमार्टम किए ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था।


मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

मायके पक्ष का आरोप है कि पति द्वारा कैरेक्टर पर शक को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट की जाती थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि हत्या हो सकती है। इसी आधार पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया शव

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। 19 जून को एसडीओपी, थाना प्रभारी, क्राइम टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


पति ने आरोपों को बताया गलत

मृतका के पति दिलीप बैगा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई थी। उसने हत्या के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।


डेढ़ साल के बच्चे को लेकर चिंता

इस घटना के बाद गांव में दंपती के छोटे बच्चे की परवरिश को लेकर भी चर्चा है। मायके पक्ष ने कहा है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस के अनुसार मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई