रायगढ़। मोदी सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और विकास की उपलब्धियों को शुक्रवार को रायगढ़ के प्रबुद्धजनों के सामने रखा गया। ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पंजरीप्लांट स्थित प्रियदर्शी अवधूत भगवान राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर मोदी सरकार का 12 साल का रिपोर्ट कार्ड आंकड़ों के साथ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोनिका इजारदार ने की।
गरीब कल्याण से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक गिनाईं उपलब्धियां
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए, जो कई देशों की कुल आबादी से अधिक है।
पीएम आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 12 करोड़ लोगों को पक्का घर मिला, जबकि छत्तीसगढ़ में 20 लाख से अधिक हितग्राहियों को आवास स्वीकृत हुआ।
मुफ्त राशन योजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 81 करोड़ लोगों को हर माह सस्ती दरों पर 5 किलो अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण से खुले में शौच की समस्या में बड़ा सुधार आया।
किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण पर जोर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का जिक्र करते हुए अरुण साव ने कहा कि किसानों को सालाना 6 हजार रुपये सीधे बैंक खाते में देकर खेती से पहले कर्ज लेने की मजबूरी कम की गई।
उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली।
भारत बना दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था
अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जबकि 2014 में देश 10वें स्थान पर था।
उन्होंने कहा कि मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता बन गया है और “Made in India” मोबाइल वैश्विक बाजार में पहुंच रहे हैं।
डिजिटल इंडिया, रक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी
अरुण साव ने कहा कि Digital India अभियान के तहत भारत दुनिया में सबसे तेज डिजिटल पेमेंट करने वाले देशों में शामिल है।
रक्षा क्षेत्र में ब्रह्मोस, तेजस और INS विक्रांत जैसी उपलब्धियों ने भारत की रक्षा क्षमता मजबूत की है।
रेल और सड़क कनेक्टिविटी पर उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में रेल विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेन और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से यात्रा आसान हुई है। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिदिन 37 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण हो रहा है।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 12 वर्षों की उपलब्धियां अंतिम लक्ष्य नहीं हैं। 2047, यानी आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना लक्ष्य है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग से इस संकल्प में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
विपक्ष पर साधा निशाना
बिजली दरों में वृद्धि पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लागत बढ़ने के कारण मामूली वृद्धि हुई है और विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है। पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कर्ज छिपाने की नीति ने प्रदेश को पीछे धकेला।
सभा में कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राधेश्याम राठिया, जीवार्धन चौहान, शिखा रविंद्र गभेल, प्रशांत सिंह ठाकुर और अरुणधर दीवान मौजूद रहे।
सभा में शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।















































