रायगढ़। जिले के चिराईपानी क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब महालक्ष्मी कास्टिंग की कमजोर दीवार अचानक ध्वस्त होकर पास स्थित ओम श्री रूपेश कंपनी के लेबर क्वार्टर पर गिर गई। हादसे में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
दीवार गिरते ही मलबे में दबे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर शाम करीब 7 बजे बूंदाबांदी के बीच अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। कमजोर निर्माण के चलते दीवार सीधे लेबर क्वार्टर पर जा गिरी, जिससे वहां रह रहे मजदूर परिवार इसकी चपेट में आ गए।
मलबे में दबे लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रंभा यादव नामक गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि दीवार पहले से कमजोर स्थिति में थी, जिसकी जानकारी कंपनी प्रबंधन को थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। इसी लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और परिजन व ग्रामीण कंपनी प्रबंधन की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।















































