चंदखुरी में 33 नव-नियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों के बुनियादी प्रशिक्षण का शुभारंभ

SHARE:

रायपुर/चंदखुरी। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा की उपस्थिति में वर्ष 2021 एवं 2024 के छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 33 उप पुलिस अधीक्षकों के बुनियादी प्रशिक्षण का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी में किया गया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशिक्षु अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सेवा, दायित्व और जिम्मेदारी का मिला संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा, दायित्व और बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी चयनित अधिकारियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि नैतिकता से बड़ा कोई बल नहीं होता और पुलिसिंग में संवेदनशीलता के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और विश्वास की सबसे बड़ी आधारशिला है।

पुलिसिंग में तकनीक और संवेदनशीलता पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक समय में पुलिसिंग केवल शारीरिक क्षमता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें साइबर अपराध, तकनीकी दक्षता और सामुदायिक जुड़ाव की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी का लक्ष्य नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना होना चाहिए।

33 उप पुलिस अधीक्षकों का दो वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

अकादमी के निदेशक ने जानकारी दी कि चयनित 33 उप पुलिस अधीक्षकों को आगामी दो वर्षों तक बुनियादी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें अधिकांश प्रशिक्षु इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं। प्रशिक्षण के दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं फील्ड प्रैक्टिकल का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) श्री दीपांशु काबरा, अकादमी निदेशक श्री अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वृक्षारोपण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने परिसर में नीम का पौधा रोपित किया। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षुओं द्वारा सामूहिक रूप से 100 पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई