रायपुर। राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में आयोजित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग समारोह में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai शामिल हुए। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय, अभिनेत्री एवं सांसद Kangana Ranaut, फिल्म निर्देशक Manoj Tapadia, जनप्रतिनिधि, कलाकार और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
अनसुने नायकों की कहानी को मिला मंच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ ऐसी फिल्म है, जो उन अनदेखे और अनसुने नायकों को सम्मान देती है, जिनके असाधारण योगदान को अक्सर पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की बहनों और कर्मियों की उपस्थिति ने इस फिल्म की भावना को और अधिक सार्थक बना दिया है।
26/11 हमले के दौरान सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को समर्पित है फिल्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी के पुत्र हैं, जिन्होंने मुंबई में रहकर इस महत्वपूर्ण विषय पर आधारित कहानी तैयार की। उन्होंने बताया कि 2008 Mumbai attacks के दौरान नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी। फिल्म उन्हीं स्वास्थ्य योद्धाओं के साहस, सेवा और समर्पण को श्रद्धांजलि देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में ऐसे अनेक लोग हैं, जो बड़े कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाती जिसके वे हकदार हैं। यह फिल्म ऐसे ही लोगों को समर्पित है।
प्रधानमंत्री ने दिया फिल्म को नाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम प्रदान किया है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।
कंगना रनौत ने छत्तीसगढ़ को बताया अपना विशेष जुड़ाव
अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने कहा कि निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ के बेटे हैं और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग छत्तीसगढ़ में आयोजित हो। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम में शामिल होने से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है।
‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन एवं विजया लक्ष्मी पिल्लई शामिल रहे।















































