ग्रामीणों ने एसडीएम को दी लिखित शिकायत, राखड़ परिवहन से सड़क और नहर व्यवस्था पर संकट, खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका

SHARE:

मालखरौदा क्षेत्र के भड़ोरा और आसपास के गांवों में भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीणों में आक्रोश

सक्ती जिले के मालखरौदा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़ोरा और आसपास के क्षेत्रों में राखड़ परिवहन को लेकर ग्रामीणों में गहरा असंतोष देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मालखरौदा एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि राखड़ से लदे भारी वाहन लगातार गांवों की सड़कों और नहर मार्गों से होकर गुजर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़कें क्षतिग्रस्त, आवागमन पर संकट

ग्रामीणों के अनुसार, भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़कें तेजी से खराब हो रही हैं। जगह-जगह सड़कें टूट गई हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि इसी तरह भारी वाहनों का संचालन जारी रहा, तो कुछ ही दिनों में सड़कें पूरी तरह जर्जर हो जाएंगी, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होगा। इससे लोगों को मुख्य मार्गों, शासकीय कार्यालयों और अस्पतालों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

नहर मार्गों के उपयोग से सिंचाई व्यवस्था पर भी खतरा, खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि राखड़ परिवहन के लिए अब नहर मार्गों का भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे नहरों की संरचना कमजोर हो रही है और कई स्थानों पर उन्हें नुकसान पहुंच रहा है।

किसानों का कहना है कि यदि इस पर तत्काल रोक नहीं लगी तो सिंचाई व्यवस्था बाधित हो सकती है, जिसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ेगा।

प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से बढ़ी नाराजगी, ग्रामीणों ने दी चेतावनी

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में एसडीएम को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों में भी शिकायत दर्ज कराएंगे।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई