मजदूर परिवार को ट्रक ने कुचला: कोरबा में दंपती गंभीर रूप से घायल, बच्चे बाल-बाल बचे; पुलिस ने नहीं लिया एक्शन

SHARE:

कोरबा जिले में एक दंपती बुधवार को बच्चों के इलाज और राशन खरीदारी के लिए निकले थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे दंपती ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि तीन मासूम बच्चे सुरक्षित बच निकले।

कटघोरा थानांतर्गत ग्राम धंवाईपुर में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इलाज और खरीदारी के लिए निकले एक दंपती तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके बच्चे सुरक्षित बच निकले।

घायल दंपती सूरज रोहीदास और बबली रोहीदास हैं। वे रोजी मजदूरी कर अपने तीन मासूम बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद उन्हें स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया। बाद में उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनका उपचार ट्रामा वार्ड में चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि उनके साथ काजल भी थी, जिसे मामूली चोटें आई हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है। उन्होंने अस्पताल चौकी पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। अस्पताल पुलिस ने उन्हें विधिवत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। वे खुद मौके पर पहुंचे थे और दुर्घटनाकारित ट्रक की तस्वीरें व वीडियो भी बनाए थे। मौके पर बच्चों के चप्पल और ट्रक के पहिए में खून भी मिला था। हालांकि, थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी ने ट्रक के दुर्घटनाकारित होने से साफ इनकार कर दिया। इससे परिजनों में पुलिस कार्रवाई को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

सविता रोहीदास ने बताया कि सूरज और बबली रोजी मजदूरी से अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आने से बच्चों की परवरिश में अड़चन आ रही है। दंपती के इलाज के कारण परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई