जागरूकता शिविर और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन: महिलाओं के अधिकार और समाज में योगदान पर दिया जोर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के आदेशानुसार आज दिनांक 08/03/2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता शिविर और सम्मान समारोह का आयोजन एडीआर भवन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्य अतिथि प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत, सुश्री संघरत्ना भतपहरी प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय जांजगीर और कुमारी सुनीता साहू, विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी जांजगीर, लीना अग्रवाल, द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

प्रधान जिला न्यायाधीश ने नारी शक्ति, अधिकार और समाज में महिलाओं के योगदान पर किया प्रकाश
प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने उपस्थित लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नारी शक्ति के संघर्ष, उपलब्धियों और समाज में उनकी भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं हमारे समाज में शक्ति और समृद्धि की प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को कमजोर करने के बजाय उन्हें आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों, वंचित महिलाओं के लिए विधिक सहायता और महिला उत्थान के विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
लीना अग्रवाल ने जीवन की दो पहियों के रूप में स्त्री और पुरुष का महत्व बताया
द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश लीना अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्त्री और पुरुष जीवन की गाड़ी के दो पहिये हैं, और दोनों के बिना जीवन संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अद्वितीय योगदान है। महिलाएं अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना सीख चुकी हैं और हमारा कर्तव्य है कि हम उन्हें जागरूक करें और उनका समर्थन करें।
महिला न्यायाधीशों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया
ईश्वरी अनंत, सहायक ग्रेड 02, ने बताया कि महिलाएं केवल परिवार ही नहीं संभालती बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
सहोदरा जांगड़े ने बताया कि 8 मार्च को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं को समर्पित है और नारी शक्ति एवं उपलब्धियों को स्वीकार करने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश और मंचासीन न्यायाधीशों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला न्यायाधीश, अधिकारी और न्यायिक महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित न्यायाधीश, अधिकारी और पैरालीगल वालंटियर
कार्यक्रम में जिला जांजगीर चंपा के समस्त माननीय न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी, परिवार न्यायालय के अधिकारी और कर्मचारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर चंपा के अधिकारी और पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन मनोज कुमार कुशवाहा, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर चांपा ने किया और आभार प्रदर्शन अंजू कंवर, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जांजगीर द्वारा किया गया।















































