एसएसपी ने वृद्धजनों का कुशलक्षेम जानने पहुंची पुलिस की विशेष टीम
रायगढ़, 06 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना जूटमिल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित वरिष्ठजनों के देखभाल गृह “आशा प्रशामक देखभाल गृह” का दौरा किया। इस अवसर पर एसएसपी का आश्रम स्टाफ और सेवा में लगे युवाओं ने फूलों से आत्मीय स्वागत किया।
बुजुर्गों को दी होली की शुभकामनाएं और आत्मीय बातचीत
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वृद्धजनों से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस विभाग की सीनियर सिटीजन सेल (Senior Citizen Cell) बुजुर्गों की सुरक्षा, कानूनी सहायता और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

रिहैब फाउंडेशन की भूमिका और एसएसपी का आभार प्रदर्शन
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि आश्रम को “रिहैब फाउण्डेशन” द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त संस्था है। विशेष अवसरों पर प्रशासन, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी आश्रम में आकर बुजुर्गों से मुलाकात करते हैं। एसएसपी के आगमन पर आश्रम की संचालिका श्रीमती जस्सी फिलिप्स ने उनका आभार व्यक्त किया।
पुलिस की प्रतिबद्धता: हर बुजुर्ग के कल्याण के लिए तत्पर
एसएसपी ने कहा कि बुजुर्गों की देखभाल हम सभी का प्राथमिक दायित्व है। यदि किसी वरिष्ठ नागरिक को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो पुलिस हर संभव मदद करेगी। इस दौरान आश्रम में एक बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड न होने की जानकारी मिली, जिसे एसएसपी ने थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह को तुरंत दिलाने के निर्देश दिए।
त्योहार पुलिस के साथ हर वर्ग के लिए उत्सव का अवसर
एसएसपी ने आश्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों को विश्वास दिलाया कि रायगढ़ पुलिस हर त्योहार समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मनाएगी। उन्होंने जिले में संचालित सीनियर सिटीजन सेल के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी समस्या या शिकायत के लिए संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उपस्थित स्टाफ और अधिकारी
इस अवसर पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह सहित थाना जूटमिल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।















































