रायगढ़ में होली पर हाई अलर्ट, ड्रोन से निगरानी; 48 घंटे जीरो टॉलरेंस

SHARE:

रायगढ़, 3 मार्च। होली के मद्देनजर रायगढ़ पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अगले 48 घंटे पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी और हुड़दंगियों पर ड्रोन व सीसीटीवी के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रेस्पॉन्स टाइम तेज करने के लिए नया मैकेनिज्म लागू किया गया है।

ड्रोन, लाइव लोकेशन और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग

शहर के कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड़ और खरसिया क्षेत्रों में 5 ड्रोन तैनात किए गए हैं। 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में निकटतम टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। शहरभर के सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन फीड की निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग रूम बनाया गया है, जहां एक्सपर्ट टीम रियल टाइम नजर रख रही है।

400 जवान तैनात, 16 चेकिंग पॉइंट्स

शहर में 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-जवान तैनात हैं।

  • 16 चेकिंग पॉइंट्स पर सघन जांच
  • दर्जनों फिक्स पिकेट
  • ब्रीथ एनालाइजर से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
  • बाइकर्स गैंग के खिलाफ विशेष अभियान

शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को सौंपी गई है।

सादी वर्दी में महिला-पुरुष जवान, सोशल मीडिया पर नजर

छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला व पुरुष जवान सादी वर्दी में तैनात हैं। साइबर टीम सोशल मीडिया मॉनिटरिंग कर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई करेगी।

वाटर एरिया, डेम और पार्कों पर रोक

होली के दिन नदी, डेम और वाटर एरिया पर विशेष निगरानी रहेगी। गार्डन बंद रहेंगे और फायर ब्रिगेड व होमगार्ड गोताखोरों को अलर्ट पर रखा गया है।

शांति समिति और फ्लैग मार्च

सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति के व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। आमजन से शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील की गई है। शाम को फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा, “होली शालीनता से मनाएं। त्योहार की आड़ में गुंडागर्दी, हुड़दंग, छेड़छाड़ या शराब पीकर वाहन चलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो होली उनकी जेल में भी मन सकती है।”

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई