ऑनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, मोबाइल और नगदी रकम जब्त
थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेये, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के निर्देशानुसार अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी कड़ी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कामिल हक के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सट्टा पट्टी के साथ गिरफ्तार किया।
मुखबिर की सूचना पर छोटे मटपारा टहंगु गली में दी गई दबिश
दिनांक 23 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि छोटे मटपारा टहंगु गली, सारंगढ़ में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेश केशरवानी (48 वर्ष) पिता स्वर्गीय घासीराम केशरवानी, निवासी छोटे मटपारा टहंगु गली, थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।
मोबाइल, सट्टा पट्टी और नगदी राशि जब्त
आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10,000 रुपये), व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट के माध्यम से संचालित सट्टा पट्टी तथा 1,500 रुपये नगद जब्त किए गए। कुल 11,500 रुपये का माल जप्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 6 एवं 7 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कामिल हक, प्रधान आरक्षक धनेश्वर उरांव, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, मुकेश चंद्रा, संजय भारद्वाज सहित समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
सारंगढ़ पुलिस द्वारा अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए गए हैं।














































