सक्ती: शहर एवं ग्रामीण अंचलों में भगवान शंकर की विधिपूर्वक पूजा अर्चना, उपवास और भक्ति का समागम
सक्ती। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज शहर और ग्रामीण अंचलों के शिवालयों में भगवान शंकर की विशेष पूजा अर्चना की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में देखी गई। श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ विधि-विधान के साथ मंदिर पहुंचे और जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध, दही, शहद, गंगाजल, फल और मिष्ठान का भोग अर्पित कर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना में मग्न रहे।
तुरीं धाम और बरगढ़ में भी रही श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति
नगर के समीप स्थित तुरीं धाम और बरगढ़ में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कई श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि के उपवास का पालन करते हुए भगवान शंकर की पूजा में भाग लिया।
भक्ति और जयकारों से गुंजायमान शिवालय
शिवालयों में “हर-हर महादेव”, “श्री शिवाय नमस्तुभ्यम” और “ॐ नमः शिवाय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु अपने हृदय की पूर्ण भक्ति और श्रद्धा के साथ भगवान शंकर की आराधना करते नजर आए।
इस अवसर ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में सामूहिक भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव की छटा भी बिखेरी।














































