सक्ती। भारतीय जनता पार्टी सक्ती द्वारा विकसित भारत–ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी योजना) को लेकर मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें जिला प्रभारी मनोज शर्मा, जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, प्रदेश मंत्री विद्या सिदार, विधानसभा प्रभारी राजेंद्र राजपूत एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पण के साथ हुई कार्यशाला की शुरुआत
कार्यशाला की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने एक-एक कर वीबी-जी राम जी योजना के उद्देश्य, स्वरूप और कार्यान्वयन पर अपने विचार रखे।

बूथ स्तर तक योजना पहुंचाने का आह्वान, कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने वीबी-जी राम जी योजना को ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर आम जनता को योजना की सही जानकारी दें। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह योजना गांव, गरीब और मजदूर के हित में बनाई गई है।

125 दिन रोजगार और व्यापक ग्राम विकास का दावा, मनरेगा का उन्नत स्वरूप: रामावतार अग्रवाल
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत मनरेगा के 100 दिनों के स्थान पर अब 125 दिन का रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना में केंद्र की 60 प्रतिशत और राज्य की 40 प्रतिशत भागीदारी रहेगी तथा ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न कार्य इस योजना के अंतर्गत किए जा सकेंगे।
मनरेगा की सीमाओं से आगे बढ़ने की कोशिश: प्रदेश मंत्री विद्या सिदार
प्रदेश मंत्री विद्या सिदार ने कहा कि पहले मनरेगा के माध्यम से गांवों का पूर्ण विकास संभव नहीं हो पा रहा था। अधिकतर कार्य अधूरे रह जाते थे और बारिश के कारण कई योजनाएं प्रभावित होती थीं। वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से टिकाऊ और स्थायी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
125 दिन काम, बायोमेट्रिक उपस्थिति और सीधा भुगतान: जिला संगठन प्रभारी मनोज शर्मा
जिला संगठन प्रभारी मनोज शर्मा ने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण मजदूरों को 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा और मजदूरी का भुगतान सीधे खाते में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक उपस्थिति, सतत निगरानी और नियमित ऑडिट के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। योजना की मांग-आधारित प्रकृति बनी रहेगी।
डिजिटल मैपिंग, सोशल ऑडिट और केंद्र-राज्य साझेदारी पर जोर: राजेंद्र राजपूत
विधानसभा प्रभारी राजेंद्र राजपूत ने बताया कि योजना में केंद्र-राज्य की 60:40 भागीदारी होगी। ग्राम स्तर पर योजनाएं तैयार कर उन्हें ब्लॉक, जिला, राज्य और केंद्र स्तर तक भेजा जाएगा। कार्य योजनाओं को डिजिटल मानचित्र और प्रधानमंत्री गति शक्ति से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि छमाही सामाजिक ऑडिट, साप्ताहिक प्रकटीकरण और शिकायतों पर स्वचालित कार्रवाई की व्यवस्था होगी।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य, ग्रामीण रोजगार और स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस: टिकेश्वर गबेल
जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे 2025 में लागू किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण रोजगार बढ़ाना, स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करना और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करना है। योजना में कृषि कार्यों के लिए अलग प्रावधान, सात दिनों में मजदूरी भुगतान और जल संरक्षण जैसे कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम संचालन, आभार और बड़ी संख्या में पदाधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन विनोद पांडे ने किया, जबकि संजय अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला व मंडल स्तर के भाजपा पदाधिकारी, वीबी-जी राम जी टोली के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































