मधुमक्खियों के झुंड में घिरे युवकों के लिए देवदूत बना रायगढ़ पुलिस जवान, जान जोखिम में डालकर बचाई 6–7 युवाओं की जिंदगी

SHARE:

लैलूंगा थाना के प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा ने साहस और मानवता की मिसाल पेश की

रायगढ़, 30 जनवरी : रायगढ़ पुलिस के एक जांबाज जवान ने कर्तव्यनिष्ठा, सूझबूझ और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए मधुमक्खियों के जानलेवा हमले में फंसे ग्राम कमरगा के युवकों की जान बचाकर मिसाल कायम की है। यह साहसिक घटना 29 जनवरी को थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम रूडूकेला में सामने आई।


कबड्डी खेलने जा रहे युवकों पर अचानक मधुमक्खियों का हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कमरगा के 6–7 युवक कबड्डी खेलने जा रहे थे, इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने उन पर हमला कर दिया। घबराए युवक संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान पर संकट खड़ा हो गया।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रधान आरक्षक, नहीं की अपनी जान की परवाह

घटना के समय थाना लैलूंगा में पदस्थ प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा अपराध एवं शिकायत जांच के सिलसिले में मोटरसाइकिल से ग्राम भ्रमण पर थे। दोपहर लगभग 1 बजे ग्राम रूडूकेला पहुंचने पर उन्हें युवकों पर मधुमक्खियों के हमले की जानकारी मिली। बिना किसी देरी के वे तत्काल मौके पर पहुंचे।


मशाल जलाकर भगाईं मधुमक्खियां, ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया

प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी प्लास्टिक शीट की व्यवस्था की और मशाल जलाकर मधुमक्खियों को दूर भगाया। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


मानवता और साहस के इस कार्य पर एसएसपी ने किया सम्मानित

मानव जीवन संकट में देखकर किए गए इस साहसिक और विवेकपूर्ण कार्य की जानकारी थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने प्रधान आरक्षक शिव पैंकरा के इस सराहनीय कार्य पर उन्हें पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया और अन्य पुलिस जवानों को भी इसी प्रकार सेवा भावना और साहस के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।


 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई