एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही दर्ज हुआ अपराध, कोतरारोड़ व साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई
रायगढ़, 30 जनवरी। सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले युवक के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बेहद तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। श्री सत्यनारायण बाबा जी को लेकर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी करने वाले आरोपी को कोरबा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
फेसबुक आईडी से किया गया आपत्तिजनक वीडियो/पोस्ट, शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
पुलिस को प्राप्त लिखित शिकायत में उल्लेख था कि फेसबुक अकाउंट “Soozoo” नामक आईडी से श्री सत्यनारायण बाबा जी के विरुद्ध आपत्तिजनक वीडियो एवं पोस्ट साझा की गई है। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
कोतरारोड़ व साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई, कोरबा से दबोचा गया आरोपी
एसएसपी के निर्देश पर थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना द्वारा संयुक्त रूप से अपराध क्रमांक 29/2026 अंतर्गत धारा 353, 299 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। साइबर विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर एक टीम तत्काल कोरबा रवाना की गई, जहां कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी सलिहाभांठा, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
विवो मोबाइल जप्त, अन्य संलिप्तों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन जप्त किया है। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में मामले की विस्तृत विवेचना जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल अलर्ट, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त रुख
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में गठित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखे हुए है। उन्होंने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी सामग्री पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
तेज कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में इस संवेदनशील प्रकरण का त्वरित निराकरण किया गया। इस कार्रवाई में थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















































