रायगढ़ जिले में नशा, अवैध शराब और जुआ के खिलाफ सख्त अभियान, कई थानों की बड़ी कार्रवाई

SHARE:

रायगढ़, 28 जनवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ जिले में मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं जुआ के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत लैलूंगा और जूटमिल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी, अवैध शराब बिक्री और जुआ खेलने के मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


लैलूंगा पुलिस ने गांजा तस्करी के दो आरोपियों को दबोचा

27 जनवरी 2026 को थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में ग्राम कुंजारा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर भेखराम यादव निवासी सिहारधार एवं रूपसिंह सिदार को गिरफ्तार किया गया।
मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 4.277 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 32 हजार रुपये), एक मोबाइल फोन एवं 420 रुपये नगद जब्त किए गए। मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में एएसआई परमेश्वर गुप्ता सहित पुलिस स्टाफ शामिल रहा।


45 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिना नंबर बाइक जब्त

लैलूंगा पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में सिहारधार निवासी सकीरतन यादव (42 वर्ष) को पाकरगांव जंगल रोड के पास अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने की फिराक में पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 45 लीटर हाथ भट्ठी की बनी महुआ शराब (कीमत लगभग 4,500 रुपये) एवं बिना नंबर प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।


जूटमिल पुलिस की रेड, 10 लीटर अवैध शराब बरामद

जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम अमलीपाली में अजय रात्रे (33 वर्ष) के घर दबिश देकर 10 लीटर अवैध शराब (कीमत लगभग 2,000 रुपये) जब्त की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी घर पर शराब संग्रहित कर बिक्री कर रहा है।


नहरपारा क्षेत्र में जुआ खेलते तीन जुआरी गिरफ्तार

27 जनवरी को लैलूंगा पुलिस ने नहरपारा रोड किनारे स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते तीन आरोपियों—अलिम खान, अंकित सारथी एवं उमेश बढ़ाई—को घेराबंदी कर पकड़ा। उनके कब्जे से 1,480 रुपये नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।


एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थ, शराब और जुआ के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई