चक्रवाती तूफान के असर से हेलीकॉप्टर को नहीं मिल सकी उड़ान की अनुमति, दोनों जिलों में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के कार्यक्रम थे प्रस्तावित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर और खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री को रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होना था, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद दौरा स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
दोनों जिलों में होने थे विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाना था। इसके अलावा कई कार्यक्रम भी निर्धारित थे। खराब मौसम के कारण इन कार्यक्रमों पर असर पड़ा है।
जशपुर के बगिया में रात्रि विश्राम का था कार्यक्रम
दोनों जिलों के दौरे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जशपुर जिले के बगिया पहुंचना था, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित था। हालांकि, सूरजपुर और बलरामपुर का दौरा स्थगित होने के बाद आगे के कार्यक्रमों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।






























