डब्ल्यूआरएस मैदान में उमड़ा जनसैलाब, कुंभकरण के पुतले के दहन के साथ रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने बांधा समां
रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस मैदान में मंगलवार को विजयदशमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नेशनल क्लब की ओर से आयोजित भव्य विजय उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रावण के पुतले का दहन किया। इसके बाद कुंभकरण के विशाल पुतले का भी दहन किया गया। पुतलों के दहन के साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने उत्सव का आनंद लिया।
विजय उत्सव में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन में शामिल लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया। रावण और कुंभकरण के पुतलों के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक है विजयदशमी : मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजय उत्सव में शामिल लोगों का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विजयदशमी असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विजयदशमी का पर्व विशेष महत्व रखता है। यह माता कौशल्या की धरती और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं भगवान श्रीराम से गहराई से जुड़ी हुई हैं। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ में विजय उत्सव की महत्ता और बढ़ जाती है। उन्होंने पर्व के मूल संदेश को आत्मसात करते हुए सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का किया उल्लेख
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि करीब 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन समाज की लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा पूरी हुई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है और यहां दशहरा उत्सव की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। विधायक ने घोषणा की कि आगामी वर्ष में दशहरा उत्सव को नए कलेवर में प्रस्तुत किया जाएगा और इसे पहले से अधिक भव्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।
56 वर्षों से निभाई जा रही दशहरा उत्सव की परंपरा
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि डब्ल्यूआरएस मैदान में दशहरा उत्सव आयोजित करने की परंपरा को 56 वर्ष पूरे हो चुके हैं। हर साल यहां भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि सत्य और असत्य के बीच संघर्ष सदियों से चला आ रहा है, लेकिन अंततः विजय सत्य की ही होती है। भारतीय संस्कृति लोगों को धर्म, नीति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। विजयदशमी का पर्व इन्हीं आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है।
आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा रावण दहन किए जाने के बाद कुंभकरण के विशाल पुतले का दहन किया गया। इस दौरान हुई आकर्षक आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते आसमान और उत्सवमय माहौल के बीच उपस्थित लोगों ने विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
नेशनल क्लब की ओर से आयोजित इस विजय उत्सव ने रायपुर की दशहरा परंपरा को एक बार फिर जीवंत किया। आयोजन के माध्यम से लोगों को बुराई का त्याग कर सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।






























