रायपुर में आज भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला

SHARE:

स्मृति मंधाना की टीम की नजर 3-0 से क्लीन स्वीप पर, जिम्बाब्वे पहली जीत के इरादे से उतरेगी मैदान में

रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर बढ़त बना चुकी है। अब टीम की नजर तीसरा मैच जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होगी।

पहले मैच में मुश्किल से मिली थी जीत

16 अक्टूबर को खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 114 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 19 रन तक चार विकेट गंवा दिए। मुश्किल हालात में दीप्ति शर्मा ने 49 रन और निकी प्रसाद ने नाबाद 39 रन बनाकर पारी संभाली। दोनों की अहम पारियों की बदौलत भारत ने चार विकेट से जीत दर्ज की।

दूसरे मैच में शेफाली-मंधाना का तूफान

18 अक्टूबर को खेले गए दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम 8 विकेट पर 102 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने भारतीय पारी को तेज शुरुआत दी। शेफाली ने 25 गेंदों पर 55 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन की पारी खेली। दोनों के बीच 96 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। भारत ने महज 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम जीत की लय बरकरार रखते हुए सीरीज का समापन क्लीन स्वीप के साथ करना चाहेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम आखिरी मैच में बेहतर प्रदर्शन कर सीरीज की पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें भी इस मुकाबले पर रहेंगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई