राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर निकली बाइक रैली, कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया स्वागत

SHARE:

कवर्धा। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस रैली के स्वागत एवं फ्लैग ऑफ समारोह में उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा शामिल हुए।

पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

सरदार पटेल के आदर्श युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : विजय शर्मा

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके प्रयास और विचार आज भी देश की एकता, अखंडता तथा राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का अभियान नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाएं, जीएसटी, आधार, वन नेशन-वन राशन कार्ड और राष्ट्रीय पावर ग्रिड जैसी व्यवस्थाएं देश के विभिन्न हिस्सों को एक सूत्र में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। लोकतंत्र में विचारों और राजनीतिक दलों के बीच मतभिन्नता हो सकती है, लेकिन देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वीर जवानों के बलिदान को किया नमन

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बस्तर में नक्सलवाद के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति स्थापित करने के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। इससे इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ा जा सकता है।

नशामुक्त समाज और राष्ट्रीय एकता के लिए सहभागिता की अपील

उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और देश की प्रगति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय सहभागिता से नशामुक्त और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिल सकती है।

कवर्धा में आयोजित स्वागत समारोह ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त भारत के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई