Raigarh News: रायगढ़ में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, कैनाल लिंक रोड मई 2027 तक होगी पूरी; केलो नदी पर बैराज का भी चल रहा निर्माण

SHARE:

Raigarh News: रायगढ़ शहर में सड़क और जल संरक्षण से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रहे विकास कार्यों की कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में कैनाल लिंक रोड, नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज और प्रगतिनगर में सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

कैनाल लिंक रोड से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सबसे पहले कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने इसे मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

इस सड़क के तैयार होने से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

निर्माण के दौरान चांदनी चौक ब्रिज के नीचे बॉक्स कल्वर्ट भी बनाया जाना है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के चलते यातायात बाधित न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

केलो नदी पर बन रहे तीन स्टॉप डेम और बैराज, जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

कलेक्टर ने नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज का भी जायजा लिया। जल संसाधन विभाग द्वारा केलो नदी पर तीन स्टॉप डेम एवं बैराज का निर्माण कराया जा रहा है।

इन संरचनाओं के तैयार होने से नदी में पानी का ठहराव बनाए रखने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्यों को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे वर्षभर पानी की उपलब्धता बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रगतिनगर की सड़क का काम समय से पहले पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रगतिनगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य की स्थिति भी देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए।

इस सड़क का निर्माण जून 2027 से पहले पूरा कर यातायात शुरू करने का लक्ष्य है। सड़क तैयार होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा और नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, जल संसाधन विभाग के ई. श्री नायक, सहायक अभियंता ऋषि कुमार राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई