एक दिन पहले थाने में बुलाकर दी गई थी अपराध से दूर रहने की समझाइश
आरोपियों के कब्जे से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चेन बरामद
रायगढ़। शहर में अपराध और उपद्रव करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। पुलिस ने बदमाशों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक से मारपीट कर जान से मारने की कोशिश के मामले में कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
समझाइश के अगले ही दिन कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक दिन पहले ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे बदमाशों को थाने बुलाकर अपराध से दूर रहने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद अगले ही दिन पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आए चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चेन बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अपराधियों पर लगातार नजर
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय बदमाशों के बीच सख्त संदेश जाने की बात कही जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आगामी दिनों में भी संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।






























