खरसिया : चैंबर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सौंपा मांग पत्र

SHARE:

रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और जाम से निजात सहित 5 प्रमुख मांगें उठाईं

खरसिया। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने खरसिया शहर के व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी को मांग पत्र सौंपा है। उन्होंने संबंधित विभागों से समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।

रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाने की मांग

मांग पत्र में खरसिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, बुजुर्गों एवं व्यापारियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। अशोक अग्रवाल ने कहा कि स्टेशन पर लिफ्ट की सुविधा नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है।

आजाद हिंद और साउथ एक्सप्रेस के ठहराव की मांग

खरसिया को महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्र बताते हुए उन्होंने आजाद हिंद एक्सप्रेस और साउथ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का खरसिया स्टेशन पर ठहराव किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई पावर प्लांट एवं औद्योगिक संस्थान हैं, जिसके कारण प्रतिदिन उद्योग जगत से जुड़े लोगों का आवागमन होता है।

स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक की मांग

मांग पत्र में विद्युत विभाग द्वारा व्यापारियों एवं आम नागरिकों के घरों तथा प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। अशोक अग्रवाल ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव बनाए जाने पर रोक लगाने की मांग की है।

जाम से निजात के लिए यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग

खरसिया शहर में लगातार जाम की स्थिति बनने का मुद्दा भी उठाया गया है। उन्होंने प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पर्याप्त यातायात पुलिस की व्यवस्था किए जाने की मांग की, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

मालवाहक वाहनों से एंट्री फीस बंद करने की मांग

अशोक अग्रवाल ने खरसिया से रायपुर परिवहन कार्य करने वाले व्यापारियों के मालवाहक वाहनों से आरटीओ द्वारा कथित रूप से ली जा रही अनावश्यक एंट्री फीस का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इस वसूली को बंद कराने की मांग की है।

शीघ्र समाधान की मांग

अशोक अग्रवाल ने पत्र में कहा कि खरसिया व्यापारिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण नगर है। इसलिए रेलवे, विद्युत, यातायात एवं परिवहन से जुड़ी इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराई जानी चाहिए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई