आंगनबाड़ी, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष और खेल मैदान के होंगे विकास कार्य
रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शनिवार को पुसौर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर 1 करोड़ 92 लाख 7 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में आंगनबाड़ी भवन, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष तथा खेल मैदान में अहाता एवं शेड निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
ग्रामीणों की जरूरतों से जुड़े हैं विकास कार्य
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसकी सुविधाएं गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। पुसौर क्षेत्र में जिन कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया है, वे सीधे ग्रामीणों की जरूरतों से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन बनने से बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा। वहीं शासकीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा। मंगल भवन, सामुदायिक भवन और सांस्कृतिक मंच ग्रामीणों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होंगे।
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल पर भी जोर
ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ ऐसी अधोसंरचना विकसित की जाए, जिससे ग्रामीणों का जीवन अधिक सुविधाजनक हो।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान
वित्त मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुसौर क्षेत्र में शुरू किए गए विकास कार्य आने वाले समय में गांवों की तस्वीर बदलने के साथ ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।















































